शहडोल।सादिक खान
शहडोल। सोहागपुर क्षेत्र के ग्राम मैकी में अवैध मुरम खनन और परिवहन की शिकायत पर खनिज विभाग ने जांच की। जांच के दौरान बिना रॉयल्टी और वैधानिक अनुमति के मुरम का परिवहन करते पाए गए दो डंपरों को खनिज सहित जब्त किया गया।
खनिज विभाग की टीम ने मैकी से एनएच मार्ग पर डंपर क्रमांक MP18ZK1882 और MP18GA4852 को रोककर जांच की। दोनों वाहनों के चालकों से मुरम खनिज के परिवहन से संबंधित रॉयल्टी अथवा वैधानिक अनुमति मांगी गई, लेकिन मौके पर कोई दस्तावेज नहीं मिला।
इसके बाद विभागीय टीम ने दोनों वाहनों को मय खनिज जब्त कर लिया। जब्त वाहनों को थाना सोहागपुर की अभिरक्षा में खड़ा कराया गया है। मामले में खनिज नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई खनिज अधिकारी और सहायक खनिज अधिकारी, शहडोल के निर्देशन में खनिज विभाग के दल द्वारा की गई। विभाग की ओर से अवैध खनन और खनिज परिवहन के मामलों में लगातार जांच और कार्रवाई की जा रही है।

0 Comments