Ticker

6/recent/ticker-posts

ड्राइवरों से मारपीट पर भड़का महासंघ, बोला- हल्की धाराएं मंजूर नहीं; प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान



शहडोल। सादिक खान 

 शहडोल। बुढार थाना क्षेत्र में डीजल चोरी के शक में वाहन चालकों को कमरे में बंद कर मारपीट करने के मामले में पुलिस कार्रवाई के बाद अब विवाद बढ़ता नजर आ रहा है। पीड़ित की शिकायत पर नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज होने के बावजूद मध्य प्रदेश ड्राइवर महासंघ ने कार्रवाई पर नाराजगी जताई है। महासंघ का आरोप है कि गंभीर घटना के बावजूद पुलिस ने आरोपियों पर जमानती धाराओं में प्रकरण दर्ज किया, जबकि सख्त धाराओं में कार्रवाई होनी चाहिए थी। यूनियन ने मांग पूरी नहीं होने पर प्रदेशभर में आंदोलन की चेतावनी दी है।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने की कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, बुढार थाना क्षेत्र स्थित हिंद ट्रांसपोर्ट कंपनी में डीजल चोरी के आरोप में कुछ वाहन चालकों को कथित तौर पर एक कमरे में बंद कर मारपीट की गई थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें चालकों के साथ मारपीट किए जाने का दावा सामने आया। मीडिया में मामला प्रमुखता से सामने आने के बाद पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर कार्रवाई की।

पीड़ित चालक इरशाद मोहम्मद, निवासी उमरिया की शिकायत पर पुलिस ने अब्दुल सफीक खान, अब्दुल रफीक खान उर्फ बल्लू, अमित गुप्ता, अंजी, जयंत जसवानी और निखिल सेन के खिलाफ बीएनएस की धारा 127(2), 296(ए), 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।

यूनियन बोला- धाराएं बढ़ाई जाएं

मध्य प्रदेश ड्राइवर महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष द्वारिका प्रसाद ने पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि चालकों को कमरे में बंद कर बर्बरतापूर्वक मारपीट की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि चालकों से कोरे कागजों पर अंगूठे और हस्ताक्षर भी करवाए गए। ऐसे मामले में आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में कार्रवाई होनी चाहिए थी।

द्वारिका प्रसाद ने कहा कि महासंघ पहले बुढार थाने पहुंचकर थाना प्रभारी से मुलाकात करेगा और धाराएं बढ़ाने की मांग करेगा। यदि पुलिस ने कार्रवाई में सुधार नहीं किया तो वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की जाएगी।

उन्होंने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर चालक संगठन थाने का घेराव करेगा और जरूरत पड़ी तो पूरे मध्य प्रदेश में आंदोलन किया जाएगा। महासंघ का कहना है कि चालकों के साथ इस तरह की घटनाओं को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


Post a Comment

0 Comments