Ticker

6/recent/ticker-posts

NH-43 पर लापरवाही की कीमत चुका रहे बेजुबान, वाहन कुचल रहे मवेशी



 शहडोल। सादिक खान 

शहडोल। संभागीय मुख्यालय के पास से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-43 (NH-43) पर सड़क के बीच बैठे मवेशी हादसों का कारण बन रहे हैं। सोहागपुर थाना क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज के पास हाईवे का हिस्सा मवेशियों के लिए लगातार जानलेवा साबित हो रहा है। आए दिन तेज रफ्तार और भारी वाहनों की चपेट में आने से मवेशियों की मौत हो रही है। इसके बावजूद सड़क से मवेशियों को हटाने के लिए अब तक कोई स्थायी व्यवस्था नजर नहीं आ रही है।

सोमवार सुबह भी सड़क के बीच बैठा रहा मवेशियों का झुंड

सोमवार सुबह मेडिकल कॉलेज के पास NH-43 पर एक दर्जन से अधिक मवेशी सड़क के बीचों-बीच बैठे नजर आए। इस दौरान हाईवे से लगातार वाहनों की आवाजाही होती रही। सड़क पर बैठे मवेशियों के कारण वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार वे खुद सड़क से मवेशियों को हटाते हैं, लेकिन संबंधित विभाग और पंचायत स्तर पर समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं।

रात में बढ़ जाता है हादसों का खतरा

स्थानीय लोगों के मुताबिक रात के समय यह समस्या और गंभीर हो जाती है। अंधेरे में सड़क पर बैठे मवेशी वाहन चालकों को दूर से दिखाई नहीं देते। ऐसे में तेज रफ्तार वाहन उनकी चपेट में आ जाते हैं। लोगों का कहना है कि यदि मवेशियों के सींगों पर रेडियम लगाया जाए तो वाहन की रोशनी पड़ने पर वे दूर से ही दिखाई दे सकते हैं और हादसों को काफी हद तक रोका जा सकता है।

पहले भी उठ चुका है मामला, नहीं हुआ स्थायी समाधान

NH-43 पर मवेशियों के कारण होने वाले हादसों और उनकी मौत को लेकर पहले भी कई बार मामला सामने आ चुका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या की जानकारी जिम्मेदार अधिकारियों को होने के बावजूद अब तक कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की गई है। हाईवे के आसपास मवेशियों के जमावड़े को रोकने के लिए नियमित अभियान चलाने की जरूरत है।

जनपद पंचायत उपाध्यक्ष बोले- नगर पालिका हांका टीम भेजे

इस मामले में जनपद पंचायत सोहागपुर के उपाध्यक्ष शक्ति सिंह ने कहा कि पंचायत की ओर से फिलहाल ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है। उन्होंने बताया कि जिस स्थान पर मवेशियों का जमावड़ा रहता है, वह नगर पालिका के नए बस स्टैंड और कचरा घर के आसपास का क्षेत्र है। नगर पालिका प्रशासन चाहे तो सुबह और शाम वाहन के साथ हांका टीम भेजकर मवेशियों को नियमित रूप से सड़क से हटवा सकता है।

उन्होंने कहा कि मवेशियों के सींगों पर रेडियम चिपकाने की कार्रवाई भी होनी चाहिए। रात में वाहन की हेडलाइट पड़ने पर रेडियम चमकेगा और वाहन चालकों को मवेशी दूर से दिखाई दे सकेंगे, जिससे हादसों को रोका जा सकता है।

आवारा मवेशियों को कांजी हाउस भेजने की मांग

शक्ति सिंह ने कहा कि यदि मवेशी आवारा हैं तो उन्हें पकड़कर कांजी हाउस भेजा जाना चाहिए। वहीं, यदि मवेशी किसी व्यक्ति के हैं और उन्हें जानबूझकर सड़क पर छोड़ा जा रहा है तो संबंधित पशु मालिकों पर जुर्माना लगाया जाना चाहिए। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन और नगर पालिका से तत्काल कार्रवाई कर NH-43 को मवेशियों के जमावड़े से मुक्त कराने और बेजुबान जानवरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments