शहडोल। सादिक खान
शहडोल। सोहागपुर पुलिस ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए दो दिनों से भटक रही 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को उसके घर पहुंचाया। जानकारी के अनुसार नरगी निवासी संपतिया बैगा अपनी बेटी के घर सुंदरी जाने के लिए पैदल निकली थीं, लेकिन रास्ता भटक गईं। दो दिनों तक वह पैदल भटकती रहीं और रात में सोहागपुर बाईपास के पास आराम कर रही थीं।
महिला को सड़क किनारे भटकते देख एक व्यक्ति ने डायल-112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही आरक्षक अजीत सिंह और पायलट राजुल तिवारी मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने बुजुर्ग महिला से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि वह पिछले दो दिनों से भूखी थीं। पुलिसकर्मियों ने पहले उन्हें भोजन कराया और उनकी स्थिति के बारे में जानकारी ली।
इसके बाद महिला से उनके घर का पता पूछा गया। जानकारी मिलने पर पुलिस टीम उन्हें सुरक्षित उनके गांव नरगी लेकर पहुंची और परिजनों के सुपुर्द किया। बुजुर्ग महिला को सुरक्षित घर पहुंचाने पर परिजनों ने पुलिसकर्मियों का आभार जताया

0 Comments