Ticker

6/recent/ticker-posts

इंजीनियर संतोष लोहानी बने DRUCC सदस्य, 2028 तक रहेगा कार्यकाल

 


सांसद हिमाद्री सिंह की अनुशंसा पर शहडोल संसदीय क्षेत्र से हुआ मनोनयन, रेल यात्रियों की समस्याओं को रेलवे प्रशासन तक पहुंचाने की मिलेगी जिम्मेदारी

शहडोल। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व पार्षद-सह-सभापति इंजीनियर संतोष लोहानी को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के बिलासपुर मंडल की मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (DRUCC) का सदस्य मनोनीत किया गया है। शहडोल सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह की अनुशंसा पर उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। समिति का कार्यकाल 31 अगस्त 2028 तक रहेगा।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक के अनुमोदन के बाद समिति की नई कार्यकारिणी जारी की गई है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, बिलासपुर की ओर से संतोष लोहानी को पत्र भेजकर मनोनयन की आधिकारिक सूचना दी गई है।

DRUCC का उद्देश्य रेल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, उनकी समस्याओं को रेलवे प्रशासन के समक्ष रखने और उनके निराकरण के लिए सुझाव देना है। समिति में यात्री सुविधाओं के विस्तार, रेलवे सेवाओं में सुधार और यात्रियों की जरूरतों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाती है। मंडल रेल प्रबंधक (DRM) समिति के अध्यक्ष और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक इसके सचिव होते हैं।

संतोष लोहानी के मनोनयन से शहडोल संसदीय क्षेत्र के रेल यात्रियों को अपनी समस्याएं और सुझाव रेलवे प्रशासन तक पहुंचाने के लिए एक माध्यम मिलेगा। उनसे क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार, यात्री समस्याओं के निराकरण और सेवाओं में सुधार से जुड़े मुद्दे समिति के समक्ष उठाने की अपेक्षा है।

मनोनयन पर भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, मित्रों और शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए संतोष लोहानी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

Post a Comment

0 Comments