विधायक शरद कोल बोले- गरीबों और बुजुर्गों के लिए ऐसे शिविर बड़ी सेवा और पुण्य का कार्य
शहडोल।आदित्य सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल शहडोल एवं आनंद वर्धन वेलफेयर सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को ब्यौहारी के केसरी विवाह घर में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। सुबह से शाम तक चले शिविर में 700 से अधिक मरीजों का पंजीयन कर स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया और निशुल्क दवाइयों का वितरण किया।
शिविर का शुभारंभ विधायक शरद जुगलाल कोल, नगर परिषद अध्यक्ष कृष्ण गुप्ता, आदित्य सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के संचालक डॉ. आदित्य द्विवेदी, आनंद वर्धन वेलफेयर सोसाइटी की संचालिका डॉ. स्मिता द्विवेदी, समाजसेवी अनिल द्विवेदी और स्थानीय समाजसेवी मोहम्मद समीम खान ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
शिविर में बच्चों से लेकर बुजुर्गों और महिलाओं तक बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। मरीजों का पहले पंजीयन किया गया, इसके बाद बीमारी के अनुसार विशेषज्ञ चिकित्सकों से परीक्षण कराया गया। हृदय, ब्रेन, स्पाइन, छाती, पेट, दांत, हड्डी और महिला रोगों से संबंधित मरीजों को परामर्श और उपचार की सुविधा दी गई। इसके साथ ही आंखों की जांच, ईसीजी, बीपी और शुगर की जांच भी की गई।
गरीबों के लिए बड़ी राहत हैं ऐसे शिविर
विधायक शरद जुगलाल कोल ने कहा कि निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आमजन, खासकर गरीब और बुजुर्ग लोगों के लिए बड़ी सेवा और पुण्य का कार्य है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की सुविधा गांव और कस्बों तक पहुंचने से लोगों को दूर-दराज जाकर इलाज कराने की परेशानी से राहत मिलती है। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रबंधन का सहयोग मिलता रहा तो भविष्य में क्षेत्र के अन्य स्थानों पर भी ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे।
अब कार्डियक और न्यूरो का इलाज आयुष्मान से
अस्पताल संचालक डॉ. आदित्य द्विवेदी ने बताया कि अस्पताल में हृदय और ब्रेन से संबंधित बीमारियों के उपचार की सुविधा आयुष्मान योजना के तहत उपलब्ध होना क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। इससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर लगाकर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ आयुष्मान योजना की सुविधाओं की जानकारी भी दी जाए।
नगर परिषद अध्यक्ष कृष्ण गुप्ता ने कहा कि पहले गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए लोगों को नागपुर, दिल्ली और मुंबई जैसे महानगरों तक जाना पड़ता था। अब आदित्य सुपर स्पेशलिटी में विशेषज्ञ चिकित्सकों और आधुनिक तकनीक से उपचार की सुविधा मिलने से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिल रही है।
शिविर में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. इमरान खान, ब्रेन एवं स्पाइन सर्जन डॉ. राज शर्मा, छाती रोग विशेषज्ञ डॉ. अंबिका गुप्ता, गैस्ट्रो विशेषज्ञ डॉ. दीपक शुक्ला, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. स्मिता द्विवेदी, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. आदित्य द्विवेदी और महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. दिव्यानी व डॉ. अंकिता सहित अन्य चिकित्सकों ने सेवाएं दीं। शिविर के संचालन में अस्पताल प्रबंधन के नर्सिंग विभाग और करीब 60 से 70 वॉलंटियर एवं कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया।



0 Comments