शहडोल। सादिक खान
शहडोल। आखिर कितनी मौतों के बाद हमारे जिले की पुलिस और यातायात विभाग इस समस्या पर ध्यान देगा? यह सवाल इसलिए उठ रहा है क्योंकि सोहागपुर थाने के सामने से गुजरने वाले एनएच-43 पर स्थित पेट्रोल पंप के सामने अक्सर बड़े वाहनों का जमावड़ा लगा रहता है। सड़क किनारे खड़े हैवी वाहन सड़क दुर्घटनाओं को न्यौता देते नजर आ रहे हैं।
अभी हाल ही में इसी क्षेत्र में एक टैंकर ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया था, जिससे उसकी मौके पर दर्दनाक मौत हो गई थी। इसके कुछ घंटे बाद फिर उसी स्थान पर एक और सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो लोग घायल हो गए। वहीं हाल ही में उसी इलाके में अज्ञात वाहन की टक्कर से दो मवेशियों की भी मौत हो चुकी है।
यदि सोहागपुर थाने से मेडिकल कॉलेज की ओर बढ़ते हुए पहले पेट्रोल पंप के सामने का क्षेत्र देखा जाए तो सड़क पर भारी वाहनों के टायरों के निशान साफ दिखाई देते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन निशानों को देखकर सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि यहां अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। इसके बावजूद सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटाने या व्यवस्थित पार्किंग की दिशा में कोई ठोस कदम नजर नहीं आता।
स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि यातायात पुलिस और संबंधित विभाग इस समस्या पर ध्यान दें तथा सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग को नियंत्रित करें तो हादसों की आशंका कम हो सकती है।
इसी तरह मेडिकल कॉलेज चौक पर भी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। चौक के पास स्थित ढाबा और पंचर दुकान के आसपास जब हैवी वाहन खड़े हो जाते हैं तो मेडिकल कॉलेज की ओर से आने वाले वाहन चालकों को सामने से आने वाले वाहनों का स्पष्ट दृश्य नहीं मिल पाता। इससे यह स्थान कई बार अंधे मोड़ जैसी स्थिति पैदा कर देता है और दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है।
स्थानीय नागरिकों ने जनहित में प्रशासन और यातायात विभाग से इस समस्या पर गंभीरता से ध्यान देने तथा आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

0 Comments