शहडोल। सादिक खान
शहडोल जिले के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुबरा में एक चार माह की गर्भवती नवविवाहिता का शव घर के सामने स्थित कुएं में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका का विवाह करीब छह माह पहले हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाकर जांच शुरू कर दी है। घटना के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान दीपा साहू (21) पति रवि साहू के रूप में हुई है। दीपा का मायका मोहानी गांव में है, जबकि उसका विवाह लगभग छह माह पूर्व ग्राम कुबरा में हुआ था। बताया गया है कि वह चार माह की गर्भवती थी।
पति को चप्पल देखकर हुआ संदेह
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना के समय दीपा घर में अकेली थी। उसके पति और परिवार के अन्य सदस्य मजदूरी करने बाहर गए हुए थे। आशंका जताई जा रही है कि वह घर के सामने स्थित कुएं से पानी निकाल रही थी, तभी किसी कारणवश कुएं में गिर गई।
जब पति रवि साहू घर लौटा तो पत्नी घर में नहीं मिली। काफी तलाश के बाद उसकी नजर कुएं के पास पड़ी एक चप्पल पर गई। इससे उसे संदेह हुआ कि दीपा कुएं में गिर गई होगी। ग्रामीणों की सहायता से कुएं में कांटा डालकर तलाश की गई, जहां उसका शव होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस की मौजूदगी में शव को बाहर निकाला गया।
माता-पिता पुणे में, इसलिए टला पोस्टमार्टम
पुलिस ने बताया कि मृतका के माता-पिता मजदूरी के लिए पुणे गए हुए हैं। घटना की सूचना उन्हें दे दी गई है। उनके पहुंचने के बाद ही पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शव को अस्पताल की मरचुरी में सुरक्षित रखवाया गया है।
तीन बहनों में सबसे बड़ी थी दीपा
परिजनों के अनुसार दीपा तीन बहनों में सबसे बड़ी थी और उसका कोई भाई नहीं है। घटना से मायके और ससुराल पक्ष में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

0 Comments