Ticker

6/recent/ticker-posts

नदी का सीना छलनी, माफिया बेखौफ: दिनदहाड़े जेसीबी से रेत खनन का वीडियो वायरल



शहडोल। सादिक खान 

शहडोल। जिले में अवैध रेत खनन पर लगाम लगाने के तमाम दावों के बीच रेत माफिया खुलेआम कानून को चुनौती दे रहे हैं। जैतपुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े नदी से जेसीबी मशीन के जरिए रेत निकालने का वीडियो वायरल हुआ है, जिसने प्रशासनिक कार्रवाई और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रही कार्रवाई और सख्ती के दावों के बावजूद माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे बिना किसी डर के नदियों का सीना छलनी करने में जुटे हैं।

कुनुक नदी में जेसीबी से रेत लोड करने का दावा

वायरल वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि यह जैतपुर थाना क्षेत्र के डोंगरी टोला हथगला स्थित कुनुक नदी का है। वीडियो में जेसीबी मशीन की मदद से ट्रैक्टर-ट्रालियों में रेत लोड की जाती दिखाई दे रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दिनदहाड़े नदी से रेत निकालकर उसका भंडारण और परिवहन किया जा रहा है।

पहले भी सामने आया था अवैध भंडारण का वीडियो

कुछ दिन पहले भी कुनुक नदी के भीतर अवैध रेत भंडारण का वीडियो सामने आया था। इसके बाद भी खनन गतिविधियां जारी रहने के आरोप लग रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार अवैध उत्खनन हो रहा है, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही।

वन अमले पर हमलों से बढ़ी चिंता

हाल ही में सोहागपुर और कोतवाली थाना क्षेत्र में अवैध खनन और परिवहन रोकने निकले वन कर्मियों पर हमला किए जाने की घटनाएं सामने आई थीं। दो अलग-अलग मामलों में खनन से जुड़े लोगों द्वारा वन विभाग के कर्मचारियों को निशाना बनाए जाने का आरोप है, जिससे प्रशासनिक अमले की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

पुलिस-खनिज विभाग की मिलीभगत के आरोप

स्थानीय लोगों का आरोप है कि जैतपुर क्षेत्र के विभिन्न घाटों से जेसीबी के जरिए रेत निकालकर ट्रैक्टर-ट्रालियों से बाहर लाई जाती है और बाद में बड़े वाहनों में भरकर परिवहन किया जाता है। लोगों का कहना है कि दिन-रात हाइवा और अन्य भारी वाहन सड़कों पर चलते दिखाई देते हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग प्रभावी रोक नहीं लगा पा रहे हैं।

दो हत्याओं के बाद भी नहीं थमा अवैध कारोबार

शहडोल जिले में अवैध रेत खनन रोकने के दौरान दो सरकारी कर्मचारियों की जान जा चुकी है। वर्ष 2023 में देवलौंद थाना क्षेत्र के गोपालपुर में खनन रोकने पहुंचे एक पटवारी को ट्रैक्टर से कुचलकर मार दिया गया था। वहीं वर्ष 2024 में ब्यौहारी क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन रोकने के दौरान एक सहायक उप निरीक्षक की भी ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी गई थी।

जवाबदेही पर उठ रहे सवाल

लगातार सामने आ रहे वीडियो, सरकारी कर्मचारियों पर हमले और अवैध खनन के आरोपों के बीच अब प्रशासनिक कार्रवाई की प्रभावशीलता पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जैतपुर, बुढार और अन्य क्षेत्रों में अवैध उत्खनन व परिवहन आज भी जारी है, जबकि जिम्मेदार विभाग मूकदर्शक बने हुए हैं। लोगों का आरोप है कि इस पूरे खेल में स्थानीय पुलिस की भूमिका संदिग्ध है।

जिला खनिज अधिकारी राहुल शांडिल्य का कहना है कि विभाग को जहां भी अवैध खनन या भंडारण की सूचना मिलती है, वहां कार्रवाई की जाती है। उनके अनुसार लगातार अवैध रेत भंडारण को नष्ट करने की कार्रवाई भी की जा रही है।





Post a Comment

0 Comments