शहडोल।सादिक खान
शहडोल। गर्मी से राहत पाने के लिए दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया 15 वर्षीय किशोर मौत के गहरे पानी में समा गया। ब्यौहारी थाना क्षेत्र के केल्हारी गांव में हुए इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही परिजन बदहवास होकर मौके पर पहुंचे, जबकि पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर जांच शुरू कर दी है।
दोस्तों के साथ गया था नहाने
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार केल्हारी निवासी दीपेश प्रजापति (15) पिता महेश प्रजापति अपने दोस्तों के साथ गांव के पास स्थित समधिन नदी में नहाने गया था। बताया गया कि नदी का घाट उसके घर से कुछ ही दूरी पर स्थित है। नहाते समय दीपेश अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ मौजूद उसके दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके।
दोस्त ने दी परिजनों को सूचना
हादसे के बाद दीपेश का एक दोस्त घबराकर घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य और ग्रामीण बड़ी संख्या में नदी किनारे पहुंचे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से किशोर के शव को बाहर निकलवाया।
पिता ने पोस्टमार्टम कराने से किया इनकार
घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। ब्यौहारी अस्पताल में किशोर के पिता महेश प्रजापति ने अपने इकलौते बेटे का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। उन्होंने भावुक होकर कहा कि उनका एक ही पुत्र था, अब वह भी नहीं रहा। ऐसे में वे पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते।
हालांकि पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाइश दी और बताया कि कानूनी प्रक्रिया के तहत पोस्टमार्टम आवश्यक है। पुलिस ने आश्वासन दिया कि सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
मर्ग कायम, जांच जारी
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है। किशोर की मौत के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव के लोग परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हुए हैं।

0 Comments