शहडोल।सादिक खान
शहडोल जिले के बुढ़ार में छह वाहन चालकों को कमरे में बंद कर उनके साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर मध्यप्रदेश ड्राइवर महासंघ शहडोल ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। महासंघ का आरोप है कि मामले में पुलिस द्वारा आरोपियों पर हल्की धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
महासंघ द्वारा सौंपे गए आवेदन के अनुसार, 29 जुलाई 2026 की रात इरशाद अहमद सहित वाहन चालक सुनील रैदास, रजनीश काछी, शाहिद उर्फ पंडा, इरशाद और मुस्तकीम को वाहन मालिकों एवं कुछ दबंगों ने कथित तौर पर एक कमरे में बंद कर दिया। आरोप है कि इसके बाद उनके साथ मारपीट की गई। इस दौरान वीडियो भी बनाया गया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर वायरल किए जाने की बात शिकायत में कही गई है।
शिकायत में बताया गया कि घटना के संबंध में 6 अगस्त 2026 को बुढ़ार थाने में शिकायत की गई। ड्राइवर महासंघ का आरोप है कि पुलिस प्रशासन द्वारा आरोपियों के खिलाफ कम धाराओं में कार्रवाई की जा रही है, जिससे पीड़ित चालकों में नाराजगी है।
महासंघ ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ उचित धाराओं में कार्रवाई की जाए और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए। संगठन ने कहा कि ड्राइवर मेहनत कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, ऐसे में उनके साथ इस तरह की घटना दोबारा न हो, इसके लिए दोषियों पर सख्त कार्रवाई जरूरी है।

0 Comments