शहडोल। विश्व आदिवासी दिवस और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मानव सेवा की भावना से मेडिकल एंड हेल्थ नर्सिंग एसोसिएशन एवं मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ, शहडोल के संयुक्त तत्वावधान में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर बिरसा मुंडा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं संबद्ध चिकित्सालय के ब्लड सेंटर में हुआ।
शिविर में समाचार लिखे जाने तक 70 से अधिक लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। शाम तक भी रक्तदाताओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के अधिकारियों, चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों, पैरामेडिकल स्टाफ और कर्मचारियों के साथ सामाजिक कार्यकर्ताओं व आम नागरिकों ने भी रक्तदान किया।
शिविर में अधिष्ठाता डॉ. गिरीश बी. रामटेक, अस्पताल अधीक्षक डॉ. नागेंद्र सिंह, उप अस्पताल अधीक्षक डॉ. विक्रांत कबीरपंथी, अस्पताल प्रबंधक साबिर खान, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, ब्लड सेंटर की टीम समेत मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
आयोजकों ने कहा कि रक्तदान जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। रक्तदाताओं ने भी लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।
आयोजक संगठनों ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों, पैरामेडिकल स्टाफ, कर्मचारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का आभार जताया। साथ ही भविष्य में भी जनहित और मानव सेवा से जुड़े ऐसे आयोजन जारी रखने की बात कही।


0 Comments