शहडोल। सादिक खान
शहडोल। पुलिस अधीक्षक संजय कुमार अग्रवाल के निर्देश पर पशु तस्करी के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत जैतपुर पुलिस ने एक पिकअप वाहन पकड़ा है। वाहन में तीन मवेशी लोड मिले। पुलिस के अनुसार मवेशियों को बुढ़ार थाना क्षेत्र के विक्रमपुर से लोड कर जैतपुर के तितरा ले जाया जा रहा था। पुलिस की कार्रवाई के दौरान वाहन में सवार दो आरोपी मौके से भाग निकले, जबकि चालक को पुलिस ने पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक मुखबिर से सूचना मिली थी कि पिकअप वाहन में मवेशियों को भरकर तितरा की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने खैरहनी गांव के पास नाकेबंदी की। पुलिस को देखकर पिकअप चालक ने वाहन को वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा किया तो वाहन में सवार धनीराम साहू और रहम खान वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। जबकि चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने वाहन को जब्त कर उसमें लदे तीन मवेशियों को बरामद किया है।
पुलिस ने मामले में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ पशु तस्करी सहित अन्य गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पशु तस्करी के नेटवर्क से जुड़े लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
तितरा में मवेशी जुटाने का आरोप
स्थानीय लोगों के अनुसार जैतपुर क्षेत्र में लंबे समय से मवेशियों की तस्करी की गतिविधियों की शिकायतें सामने आती रही हैं। आरोप है कि तस्कर अलग-अलग गांवों से पिकअप वाहनों के जरिए मवेशियों को तितरा में एकत्र करते हैं। संख्या अधिक होने पर इन्हें बड़े वाहनों में लोड कर उत्तर प्रदेश की ओर ले जाया जाता है।
जैतपुर पुलिस इससे पहले भी मवेशियों से भरे दो पिकअप वाहन जब्त कर चुकी है। पुलिस का कहना है कि सूचना मिलने पर नाकेबंदी और जांच के माध्यम से तस्करी रोकने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

1 Comments
Titra hi nhi Madsa jaitpur me bhi maveshi ekathha karte hai fir lapri le jaya jata hai, lapri se fir up le jaya jata hai, jaitpur police ko sab pata hai but paise ka khel hai
ReplyDelete